चटपट्टी खबरे

एयर इंडिया के विमानों से आज 5 देशों से भारतीयों की वापसी होगी; बांग्लादेश से 167 लोग आएंगे


  • ये उड़ानें दिल्ली, कोझिकोड, कोच्चि और चेन्नई आएंगी
  • मिशन के पहले दिन यूएई से दो विमानों में 359 लोग केरल लौटे

दैनिक भास्कर

May 08, 2020, 11:18 AM IST

नई दिल्ली. कोरोना वायरस की वजह से दुनियाभर में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सरकार का वंदे भारत मिशन गुरुवार को शुरू हो गया। मिशन के दूसरे दिन आज 5 अलग-अलग देशों से एक-एक फ्लाइट आएगी। बांग्लादेश से 167 लोग आएंगे। बाकी देशों से आने वाली फ्लाइट में कितने लोग आएंगे, यह साफ नहीं हो पाया है।

यह फोटो ढाका एयरपोर्ट पर मौजूद भारतीयों की है, वहां से लौट रहे लोगों में जम्मू-कश्मीर के वे सभी मेडिकल स्टूडेंट शामिल हैं जो बांग्लादेश में पढ़ाई कर रहे थे।

आज कहां-कहां से फ्लाइट आएंगी?

फ्लाइट टेक ऑफ टाइम लैंडिंग टाइम
सिंगापुर-दिल्ली सुबह 8.35 बजे सुबह 11.35 बजे
रियाद-कोझिकोड दोपहर 12.45 बजे रात 8.30 बजे
ढाका-दिल्ली सुबह 11 बजे दोपहर 1 बजे
बहरीन-कोच्चि शाम 4.30 बजे रात 11.30 बजे
दुबई-चेन्नई दोपहर 2.50 बजे रात 8.10 बजे

केरल आए 5 लोगों में कोरोना के लक्षण
वंदे भारत मिशन के तहत पहली फ्लाइट अबू धाबी से 177 भारतीयों को लेकर गुरुवार रात 10 बजकर 9 मिनट पर कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। 5 लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण दिखने पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। दूसरी फ्लाइट दुबई से 182 यात्रियों को लेकर रात 10 बजकर 45 मिनट पर कोझिकोड पहुंची।

कोच्चि एयरपोर्ट पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ लोगों को बाहर निकाला गया।

वंदे भारत मिशन के पहले फेज में 14 हजार 800 लोग भारत आएंगे
7 मई से शुरू हुए इस मिशन का पहला फेज 13 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान 12 देशों से 64 विमानों में 14 हजार 800 लोगों को लाने की योजना है। हालांकि, इसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं। लेकिन, 1990 के खाड़ी युद्ध के बाद ये सबसे बड़ा एयरलिफ्ट ऑपरेशन है। खाड़ी युद्ध के वक्त 1.70 भारतीय एयरलिफ्ट किए गए थे।

यात्रियों को फ्लाइट का किराया खुद देना होगा
विदेशों में फंसे लोगों को लाने के लिए सरकार ने जो नियम तय किए हैं उनके मुताबिक लोगों को फ्लाइट का किराया खुद ही देना होगा। अमेरिका से आने वाली फ्लाइट का किराया सबसे ज्यादा एक लाख रुपए होगा। लंदन से आने वालों को 50 हजार रुपए देने होंगे।

मालदीव्स से 2000 भारतीय समुद्र के रास्ते लाए जाएंगे
नेवी के जहाज से समुद्र के रास्ते भी विदेशों से भारतीयों को लाने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु शुरू किया गया है। इस ऑपरेशन के तहत मालदीव्स से दो फेज में 2 हजार भारतीय निकाले जाएंगे। नेवी के जहाज आईएनएस जलाश्व के जरिए आज 1000 लोगों को निकाला जाएगा। हालांकि, ये पता नहीं चल पाया है कि ये जहाज भारत कब पहुंचेगा।

मालदीव्स उच्चायोग के स्टाफ ने भारतीयों को समुद्री जहाज से रवाना करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।



Source link