अब तक 48.94 लाख संक्रमित: अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्री का आरोप- डब्ल्यूएचओ महामारी की पहले से चेतावनी देने में नाकाम रहा
- अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्री एलेक्स अजार ने कहा- डब्ल्यूएचओ के चेतावनी देने में देरी के कारण कई लोगों की मौत हुई
- अमेरिका में मरने वालों की संख्या 91 हजार से ज्यादा हो चुकी है, जबकि 15 लाख 50 हजार संक्रमित हैं
दैनिक भास्कर
May 19, 2020, 10:47 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 48 लाख 94 हजार 863 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 19 लाख 8 हजार 65 ठीक हुए हैं। वहीं, मौतों का आंकड़ा 3 लाख 20 हजार 181 हो गया है। अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्री एलेक्स अजार ने सोमवार को कहा कि डब्ल्यूएचओ महामारी की पहले से चेतवानी देने में नाकाम रहा है। इसकी वजह से कई लोगों ने जान गंवाई हैं। हालांकि, संगठन के प्रमुख टेड्रोस एडहोनम गेब्रेयेसियस ने कहा कि उन्होंने महामारी को लेकर एक बार नहीं, बल्कि कई बार चेतावनी दी थी।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 15,50,294 | 91,981 | 3,56,383 |
रूस | 2,90,678 | 2,722 | 70,209 |
स्पेन | 2,78,188 | 27,709 | 1,95,945 |
ब्राजील | 2,55,368 | 16,853 | 1,00,459 |
ब्रिटेन | 2,46,406 | 34,796 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,25,886 | 32,007 | 1,27,326 |
फ्रांस | 1,79,927 | 28,239 | 61,728 |
जर्मनी | 1,77,289 | 8,123 | 1,54,600 |
तुर्की | 1,50,593 | 4,171 | 1,11,577 |
ईरान | 1,22,492 | 7,057 | 95,661 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: एक दिन में 759 मौतें
अमेरिका में 91 हजार 981 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा है। यहां एक दिन में 759 लोगों ने जान गंवाई हैं। हालांकि, अब यहां हर दिन होने वाली मौतों में कमी आई है। वहीं, यहां संक्रमितों की संख्या 15 लाख से ज्यादा हो गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि संक्रमण से बचने के लिए वे पिछले डेढ़ हफ्ते से हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन और जिंक सप्लीमेंट ले रहे हैं। हालांकि, पिछले महीने अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने लोगों को इस दवा को लेकर चेतावनी जारी की थी। साथ ही कहा था कि यह दावा कोरोना मरीजों में हार्ट की समस्या पैदा कर सकती है।
वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल सफल
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, दवा बनाने वाली कंपनी मॉर्डना ने कहा है कि कोरोना वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल सफल रहा। साथ ही कहा कि यह वायरस के खिलाफ इम्यून बनाने में सक्षम है। कंपनी ने 16 मार्च को सिएटल की काइजर परमानेंट रिसर्च फैसिलिटी में सबसे पहले यह वैक्सीन दो बच्चों की मां 43 वर्षीय जेनिफर को लगाया गया। पहले ट्रायल में 18 से 55 वर्ष की उम्र के 45 स्वस्थ प्रतिभागी शामिल किए गए थे।

रूस: 2.90 लाख से ज्यादा मरीज
रूस में अब तक दो लाख 90 हजार से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। वहीं, यहां 2722 लोगों की जान जा चुकी है। देश में मॉस्को सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 24 घंटे में 71 लोगों की मौत हुई है। राजधानी में मृतकों की संख्या 1651 हो गई है। देश में 70 हजार से ज्यादा लोग अब तक इससे ठीक हो चुके हैं।

ब्राजील: 2.55 लाख संक्रमित
लैटिन अमेरिकी देश ब्राजील में 24 घंटे में 735 लोगों की मौत हो गई है। यहां संख्या पिछले दिन के मुकाबले ज्यादा है। एक दिन पहले यहां 485 लोगों की जान गई थी। यहां मृतकों की संख्या 16 हजार 853 पहुंच गई है। एक दिन में 14,288 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2 लाख 55 हजार 368 हो गई है। संक्रमण के मामले में ब्राजील अमेरिका, रूस और स्पेन के बाद चौथे स्थान पर पहुंच चुका है।

दक्षिण सूडान: उपराष्ट्रपति संक्रमित
दक्षिण सूडान के उपराष्ट्रपति रीक माशर और उनकी पत्नी एजेलिना टेनी संक्रमित पाए गए हैं। एजेलिना देश की रक्षा मंत्री भी हैं। कोरोना टास्क फोर्स के एक सदस्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका टेस्ट 13 मई को किया गया था। उनके बॉडीगार्ड और कुछ स्टाफ भी संक्रमित मिले हैं। अफ्रीका देश में अब तक 236 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि चार लोगों की जान जा चुकी है।

दक्षिण सूडान के उपराष्ट्रपति रीक माशर के बॉडीगार्ड और कई स्टाफ भी संक्रमित पाए गए हैं। (फाइल फोटो)
फ्रांस: स्कूल में 70 नए केस मिले
फ्रांस में एक हफ्ते पहले स्कूल खोल दिए गए हैं। सरकार के मुताबिक, यहां के स्कूलों में 70 नए मामले सामने आए हैं। यहां मामलों में कमी को देखते हुए लॉकडाउन प्रतिबंधों में राहत दी गई है। यहां धार्मिक स्थलों से भी बैन हटाने की मांग की जा रही है। यहां 24 घंटे में 131 लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक 1 लाख 79 हजार से ज्यादा मामले मिल चुके हैं, जबकि 28 हजार 239 लोगों की मौत हुई है।

इजराइल: 20 नए मामले मिले
इजराइल में कोरोना के 20 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या 16,643 हो गई है। अब तक यहां 276 लोगों की मौत हो चुकी है। एक दिन पहले यहां 11 नए मामले दर्ज किए गए थे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पिछले गुरुवार को उन क्षेत्रों में स्कूलों को दोबारा खोलने की घोषणा की थी, जहां संक्रमण के मामले कम हैं। इसके बाद कुछ इलाकों में रविवार से स्कूल खोल दिए गए।
Source link