नई दवाई से बीएमसी के हॉस्पिटल्स में कोरोना पेशेंट्स का इलाज, चव्हाण ने कहा-मंदिर ट्रस्ट के पास पड़े सोने को कब्जे में ले सरकार


  • संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 975 हो गई है, वहीं बुधवार को 422 मरीज ठीक होकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज भी हुए हैं
  • मुंबई में मरने वालों की संख्या 596 हो गई है, यहां कोरोना के 800 नए मामले सामने आए हैं

दैनिक भास्कर

May 14, 2020, 10:37 AM IST

मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के गुरुवार तक 1,495 मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में पॉजिटिव मिले मरीजों का सबसे बड़ा आकड़ा है। इसके अलावा,  संक्रमण से 54 मौतें भी हुईं हैं। इनमें मुंबई में 40 की जान गई।

राज्य में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 25,922 पहुंच गई है। वहीं संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 975 हो गई है। वहीं, बुधवार को 422 मरीज ठीक होकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज भी हुए हैं। इसे मिलाकर कुल 5,547 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।

मुंबई में एक दिन में सबसे ज्यादा 40 मौतें 
कोरोना की वजह से एक दिन में मुंबई में सबसे अधिक 40 मौतें हुई हैं। अब तक कोरोना के कारण 9 मई को सबसे अधिक 27 मौतें हुई थीं। बुधवार को वायरस ने 24 घंटे में 40 लोगों की जान करले अपना ही पिछला रेकॉर्ड तोड़ दिया। अब मुंबई में मरने वालों की संख्या 596 हो गई है। वहीं, कोरोना के 800 नए मामले सामने आए हैं। मुंबई में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 15 हजार को पार कर गई है। कुल पीड़ितों की संख्या बढ़कर 15,581 हो गई है।

मंदिर ट्रस्ट के पास पड़े सोने को कब्जे में लेना चाहिये: अशोक चव्हाण

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने केंद्र सरकार से मांग की है कि राष्ट्र को आर्थिक संकट से उबारने के लिए देशभर के मंदिर ट्रस्टों के पास पड़ा सोना सरकार अपने कब्जे में ले ले। चव्हाण ने कहा कि यह सोना राष्ट्र की संपत्ति है और राष्ट्र के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार को यह भी सुझाव दिया कि अगर केंद्र सरकार चाहे, तो 1 या 2% ब्याज पर यह सोना मंदिर ट्रस्टों से लिया जा सकता है। इस संदर्भ में चव्हाण ने अंतरराष्ट्रीय संस्था वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का हवाला देते हुए कहा कि देश के मंदिर ट्रस्टों के पास लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थात 75 लाख करोड़ रुपये मूल्य का सोना पड़ा हुआ है।

बांद्रा टर्मिनस के बाहर अचानक आई भारी भीड़ के बाद पुलिसवालों को उन्हें काबू में लाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

महाराष्ट्र में ग्राम सभाओं पर अगले आदेश तक रोक

महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुशरिफ ने बताया कि राज्य सरकार ने गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित करने पर अगले आदेश तक अस्थायी रोक लगाने का निर्णय किया है। मुशरिफ ने कहा कि गांवों में इस महीने अनिवार्य रूप से होने वाली ग्राम सभाएं अब आयोजित नहीं होंगी। बयान में कहा गया है कि एक वित्तीय वर्ष में कम से कम चार ग्राम सभाओं का आयोजन करना अनिवार्य है। ऐसा करने में असफल रहने पर सरपंच, उप सरपंच या ग्राम सेवक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।

‘टोसिलिजुमैब’नाम की नई दवाई का इस्तेमाल शुरू 

कोरोना संक्रमण रोकने के लिए बीएमसी के हॉस्पिटल में गंभीर रूप से बीमार चल रहे मरीजों को ‘टोसिलिजुमैब’ नाम का इंजेक्शन लगाया जा रहा है। बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, इससे मरीजों की स्थिति में सुधार भी देखने को मिला है। बीएमसी ने बताया है कि मुंबई के बीएमसी मेडिकल कॉलेज, सायन अस्पताल, नायर अस्पताल, केइएम और सेवन हिल्स अस्पताल में टोसिलिजुमब इंजेक्शन की शुरुआत कर दी गई है। अब तक कुल 40 मरीजों पर इसका उपयोग किया गया है जो इस वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित थे और इनमें से 30 से ज्यादा मरीजों में उत्साहजनक परिणाम भी देखने को मिले हैं।

मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर ट्रेन शुरू होने की जानकारी मिलते ही हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचे थे। महिलाओं और बच्चों को कड़ी धुप में कतार में लगना पड़ा।

प्रवासी मजदूरों को घर भेजने के लिए राज्य सरकार देगी 54.7 करोड़

महाराष्ट्र में फंसे दूसरे राज्यों के मजदूरों को उनके घर भेजने तथा दूसरे राज्यों में अटके महाराष्ट्र के लोगों को यहां लाने के लिए ठाकरे सरकार ने 54.75 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। सरकार यह पैसा जिला कलेक्टर को मुहैया कराएगी, ताकि कलेक्टर मजदूरों को रेलवे का टिकट मुहैया करा सके।

15 मई से होगी शराब की ऑनलाइन डिलीवरी
महाराष्ट्र में शराब की दुकानों पर लोगों की भीड़ रोकने के लिए 15 मई से घर पर शराब की आपूर्ति शुरू की जाएगी। राज्य के आबकारी विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया। राज्य सरकार ने मंगलवार को शराब की होम डिलीवरी की अनुमति दी थी। राज्य के आबकारी विभाग द्वारा जारी सरकारी आदेश के अनुसार दुकान मालिकों ने तैयारी के लिए कुछ और समय मांगा था। सरकार के अनुसार इसलिए अब यह सर्विस शुक्रवार से शुरू होगी।

मुंबई में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कैथोलिक जिमखाना क्लब में गत्तों से बने बेड लगाकार क्वारैंटाइन कक्ष का निर्माण किया गया है।

संजय राउत ने की मुंबई को अलग से आर्थिक पैकेज देने की मांग 

शिवसेना के नेता संजय राउत ने कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित मुंबई के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की है। राउत ने कहा, “कामगार शहर छोड़कर जा रहे हैं, क्योंकि उनके पास यहां काम नहीं बचा है। देश की वित्तीय राजधानी के तौर पर मुंबई की महत्ता बनी रहनी चाहिए। केंद्र को मुंबई तथा नौकरियां पैदा करने वाले अन्य शहरों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि शिवसेना ने, मोदी की 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज संबंधी घोषणा का स्वागत किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *