संक्रमण से आज सबसे ज्यादा 67 की मौत, 1606 नए पॉजिटिव मिले, मुंबई में बना देश का पहला ओपन हॉस्पिटल
- महाराष्ट्र में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या अब 30,706 तक पहुंच गई है
- शनिवार को राज्य में 524 मरीज ठीक होकर घर पहुंचे, अब कुल 22,479 एक्टिव केस हैं
दैनिक भास्कर
May 16, 2020, 10:25 PM IST
मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना संकमण की स्थिति बेकाबू होती जा रही है। शनिवार को राज्य में संक्रमण से 67 लोगों की मौत हुई। यह राज्य में एक दिन में मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसे मिलाकर अब तक प्रदेश में संक्रमण से 1135 लोगों की जान जा चुकी है। इससे पहले 13 अप्रैल को 56 मौतें हुईं थी।
वहीं, शनिवार को 1606 नए संक्रमित मरीज भी सामने आए हैं। इसे मिलाकर कुल संक्रमितों का आंकड़ा 30,706 तक पहुंच गया है। आज राज्य में एक साथ 524 मरीज भी ठीक होकर अपने घर पहुंचे हैं। राज्य में कुल 22,479 एक्टिव केस बचे हैं।
शनिवार को हुई 67 मौतों में सबसे ज्यादा मुंबई में 41, पुणे और ठाणे में 7-7 की जान गई। वहीं, औरंगाबाद में 5, जलगांव में 3, मीरा -भायंदर में 2 और नासिक और सोलापुर से एक-एक संक्रमित मरीज की मौत हुई। मृतकों में 47 पुरुष और 20 महिलाएं हैं।
रिकवरी रेट 22 प्रतिशत
महाराष्ट्र में रिकवरी रेट 22 प्रतिशत पहुंच चुका है। मुंबई में यह 25 फीसदी है। मुंबई में हर चौथा मरीज ठीक हो रहा है। राज्य में 14 मई तक 27,524 केस सामने आए। इलाज के बाद इनमें से 6,059 मरीज ठीक होकर घर गए। मुंबई से सटे उपनगरों में मीरा-भाईंदर का रिकवरी रेट सबसे बेहतर 60 फीसदी है। उल्हासनगर में 81 में से सिर्फ 11 मरीज ठीक हुए।
देश का पहला ओपन हॉस्पिटल तैयार
मुंबई के पश्चिमी उपनगर बांद्रा में एमएमआरडीए मैदान में देश का पहला ओपन हॉस्पिटल तैयार हो गया है। 1008 बेड वाले इस ओपन हॉस्पिटल में मरीजों के रहने, ऑक्सीजन और जांच की सुविधाएं हैं। हॉस्पिटल में नॉन क्रिटिकल संक्रमितों का इलाज होगा।
वानखेड़े स्टेडियम बनेगा क्वारैंटाइन सेंटर
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन वानखेड़े स्टेडियम को क्वारैंटाइन सेंटर के तौर पर तैयार कर रहा है। बीएमसी से मिले लेटर के बाद एमसीए अधिकारी मंजूरी देने जा रहे हैं। बीएमसी उपायुक्त हर्षद काले ने बताया कि स्टेडियम में 800 बेड्स का क्वारैंटाइन सेंटर बनाया जाएगा। यहां ऑक्सीजन और अन्य मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया को पहले ही क्वारैंटाइन सेंटर बनाया जा चुका है।
पुलिस पर हमला
जोन 4 के अंटॉप हिल पुलिस थाने के तहत मास्क लगाने को कहने पर स्थानीय लोगों ने 4 पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इनमें एक पीएसआई और एसआरपीएफ के दो जवान भी हैं। सभी को स्थानीय गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों वसीम अहमद (22) और मो. अफजल खान (32) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
250 बसों को बनाया जाएगा एम्बुलेंस
मरीजों को हॉस्पिटल और हाई रिस्क कॉन्टैक्ट वालों को क्वारैंटाइन सेंटर ले जाने के लिए एम्बुलेंस की कमी दूर करने के लिए बीएमसी ने 250 बसों को एम्बुलेंस बनाने का फैसला किया है। इनमें 50 बेस्ट बसें और 200 मिनी बसें शामिल हैं। इनमें से आधी एम्बुलेंस बनकर तैयार हैं।
कोरोना संक्रमण से एक और पुलिसकर्मी की मौत
57 वर्षीय मुंबई पुलिस के अधिकारी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मुंबई पुलिस ने ट्विटर पर ये जानकारी दी। मधुकर माने 15 दिनों से छुट्टी पर थे। राज्य में अब तक 10 पुलिसकर्मियों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।
Source link