सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारत और चीन के सैनिकों में झड़प, दोनों देशों के जवान घायल हुए


  • यह घटना मुगुथांग के आगे नाकु ला सेक्टर में शनिवार को हुई
  • एक अफसर ने बताया कि इस झड़प में दोनों देशों के करीब 150 सैनिक शामिल थे

दैनिक भास्कर

May 10, 2020, 11:35 AM IST

नाकु ला सेक्टर. नॉर्थ सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की घटना सामने आई। इस झड़प में दोनों तरफ के सैनिक घायल हुए हैं। सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रामक रवैया देखने को मिला। हालांकि, बाद में बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मुगुथांग के आगे नाकु ला सेक्टर में शनिवार को हुई। यह पास पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर है। एक अफसर ने बताया कि चार भारतीय सैनिक और सात चाइनीज सैनिकों को चोट लगी है। इस झड़प में दोनों देशों के करीब 150 सैनिक शामिल थे। उधर, आर्मी का कहना है, ‘सीमा विवाद को लेकर भारतीय और चीन के सैनिकों के बीच अस्थाई और छिटपुट झड़पें अभी भी होती रहती हैं। हालांकि, इस बार झड़प काफी लंबे समय बाद हुई है। दोनों सेनाएं इस मुद्दे को प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लेती हैं।’

सिक्किम में तनाव 2017 से बढ़ा 

  • इससे पहले भारत और चीन के बीच सिक्किम में तनाव 72 दिन चला था। बाद में दोनों सरकारों की कोशिशों के बाद यह 28 अगस्त 2018 को खत्म हुआ था। दरअसल, तनाव की शुरुआत 16 जून 2017 को डोका ला जनरल इलाके में चीन और भारत की फौजों में हाथापाई से हुई थी। इंडियन ट्रूप्स ने वहां चीन के सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था। हालांकि, चीन का दावा था कि वह अपने इलाके में सड़क बना रहा था।
  • इस एरिया का भारत में नाम डोका ला है, जबकि भूटान में इसे डोकलाम कहा जाता है। चीन दावा करता है कि ये उसके डोंगलांग रीजन का हिस्सा है। भारत-चीन का जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक 3488 km लंबा बॉर्डर है। इसका 220 km हिस्सा सिक्किम में आता है।
  • इसके इतर, अगस्त 2017 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख में पैंगोंग झील के पास झड़प हुई थी। दोनों देशों के जवानों ने एक दूसरे पर पत्थरों से हमला किया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *