786 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव; सरकार ने राज्य के अंदर ही बसें चलाने का फैसला किया


  • सरकार ने बताया- महाराष्ट्र परिवहन निगम की बसें लोगों को निशुल्क उनके घर पहुंचाएंगींं , लेकिन यह सर्विस एक हफ्ते के लिए है
  • राज्य में रविवार तक कोरोना मरीज 20 हजार 228 हो गए; वहीं, संक्रमण से 779 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं

दैनिक भास्कर

May 10, 2020, 02:19 PM IST

मुंबई.

महाराष्ट्र में रविवार तक कोरोना मरीज 20 हजार 228 हो गए हैं। वहीं, राज्य में संक्रमण से 779 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं। 3,800 लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं। उधर, सरकार ने राज्य में बसें चालू करने का फैसला किया है। हालांकि, ये बसें महाराष्ट्र के बाहर नहीं जाएंगी।

महाराष्ट्र पुलिस के 786 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई पुलिस के विनोबा भावे नगर थाना में तैनात सहायक पुलिस उप निरीक्षक सुनील दत्तात्रेय कलगुटकर की कोरोना रविवार को जान चली गई। इसके साथ राज्य में अब तक सात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान मौत भी हो चुकी है। 

मुंबई में 14 हजार संदिग्ध मरीज 

  • मुंबई में शहर में रविवार सुबह तक कोरोना संक्रमण से 27 लोगों की मौत हुई इसके साथ शहर में मरने वालों का आंकड़ा 489 हो गया है। महानगर में शनिवार को 722 नए मामले सामने आए। नए पॉजिटिव मरीज मिलने के साथ ही मरीजों की संख्या 12,864 तक पहुंच गई है। 
  • बीएमसी के अनुसार, अब तक कुल 14,401 संदिग्ध लोगों की पहचान की गई। इनमें वे लोग हैं, जिनकी टेस्ट रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। इसके अलावा वे लोग भी हैं, जो कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के दौरान चिह्नित किए गए थे। अगर क्वारैंटाइन के 14 दिन की अवधि में लक्षण नजर आते हैं, तो इनके भी सैंपल लिए जाएंगे।
ये तस्वीर मुंबई की है। यूपी के प्रवासी घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं।

ब्रिटेन में फंसे 326 भारतीय नागरिकों का पहला जत्था मुंबई पहुंचा

ब्रिटेन में फंसे 326 भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया का बोइंग 777 विमान लंदन से देर रात करीब डेढ़ बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (सीएसएमआईए) पर उतरा। विमान में सवार एक यात्री ने ट्वीट किया, ‘‘पहला विमान मुंबई उतरा और क्रू सदस्यों का यात्रियों के साथ बहुत कम संपर्क रहा। सीट पर पहले ही रखे नाश्ते और भोजन के साथ रक्षात्मक किट भी दी गई थी। अब क्वारैंटाइन का वक्त है।’’  

मुंबई के माहिम कोलीवाडा बीच पर लॉकडाउन के दौरान अपनी नाव पर उछल कूद करते कुछ युवक। माहिम इलाके में भी कोरोना संक्रमण के अब तक 400 से ज्यादा मामले आ चुके हैं।

इंटर स्टेट बसों को फिर से शुरू किया जाएगा 

महाराष्ट्र में एक जिले से दूसरे जिले में आने-जाने की अनुमति नहीं है। इस प्रतिबंध में सरकार कुछ छूट देने जा जा रही है। महाराष्ट्र परिवहन निगम की बसें लोगों को निशुल्क उनके निवास स्थान पर पहुंचाएंगी, लेकिन यह सेवा सिर्फ एक सप्ताह तक के लिए दी जा रही है। कोरोना प्रभावित कंटेनमेंट एरिया में रहने वालों को यह सुविधा नहीं दी जाएगी। परिवहन मंत्री अनिल परब के अनुसार, राज्य में भी ऐसे कई सारे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें लोग अपने निवास से दूर दूसरे जिले में अटक गए हैं। उसमें आम आदमी से लेकर छात्र भी शामिल हैं। वे अपने घर जाना चाहते हैं, लेकिन सीमाएं सील होने से उनकी वापसी नहीं हो पा रही है। 

मुंबई में जारी लॉकडाउन के बीच वारकरी दिंडी स्टेचू के चेहरों को भी मास्क से ढंका गया है। ऐसा लोगों को जागरूक करने के लिए किया गया है। 

लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में एक लाख लोगों पर केस दर्ज 

महाराष्ट्र में बढ़े कोरोना के केसों को लेकर एक बात यह कही जा रही है कि यहां कई इलाकों में लॉकडाउन सख्ती से नहीं लागू किया गया। दूसरी ओर, राज्य पुलिस का दावा है कि उसने लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया। एक लाख से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए। पुलिस ने इस संबंध में 19,297 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। शनिवार शाम तक पूरे राज्य में आईपीसी के सेक्शन 188 के तहत कुल एक लाख दो हजार मामले दर्ज किए गए थे।

मुंबई के जुहू बीच पर आम दिनों में सैलानियों की भारी भीड़ नजर आती है, अब वहां पर कबूतर नजर आ रहे हैं।

मुंबई से 7 ट्रेनों को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया 

लॉकडाउन के दौरान महाराष्ट्र से लगातार प्रवासी मजदूरों को अपने राज्यों में भेजने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को सीएसएमटी से तीन, पनवेल से दो, ठाणे और एलटीटी से एक-एक ट्रेन रवाना की गई। सीएसएमटी  से लखनऊ, बस्ती और गोंडा के लिए ट्रेनें को रवाना किया गया। इसके अलावा ठाणे से बरौनी और एलटीटी से गोंडा के लिए ट्रेन रवाना की गई। पनवेल से तितलगढ़ के लिए एक ट्रेन रवाना की गई। मध्य रेलवे के अनुसार, सभी ट्रेनों में 1000 से ज़्यादा यात्री थे।

ठाणे रेलवे स्टेशन से श्रमिक एक्सप्रेस से बिहार के लिए प्रवासी मजदूरों का एक जत्था शनिवार देर शाम रवाना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *